ईशवर की भूलें...



गलती तो सबसे होती है,
इश्वर ने क्या भूल नहीं की?
हाथी की जो असल पूँछ थी,

वह उसके मुँह पर लटका दी
नाम रख दिया 'सूंड'

अपनी भूल छिपाने को फिर-
एक
गधे की पूँछ तोड़कर
हाथी के पीछे चिपका दी|

और हमारे कान?दो इंच के-

किन्तु वह चूहे सा
तीन इंच की 'बॉडी' उसकी,
छह इंच के कान ?
वाह भगवान् !
यही है न्याय ?
हाय !!
और बताऊं एक
तीसरी भूल ?
भयंकर भूल !
मुख मंडल पर-

दो आँखें पास-पास ही फिट कर दी है?

एक नेत्र आगे लग जाता
और एक पीछे लग जाता

तो क्या कुछ घाटा पड जाता ?

आगे को तुम देख रहे हो-
पीछे कोई चपत मारकर

भाग जाए तो क्या कर लोगे?

और देखिये एक गजब बात-

मूछ और दाढ़ी
दोनों ही पुरुष वर्ग को दे डाली है|
अरे!मूंछ अगर मर्दों को दे दी,
तो दाढ़ी देवीजी को देते|
पर हमको क्या मतलब
इस से
होने दो अन्याय !
दो बजकर पच्चीस हो गयी,
चलो पियेंगे चाय
|
कपिल देव सग्गी

क्या फिर उदित होगा सूरज?


आज भी आकाश घना हो रहा है
कहीं सलीब पर
आज भी हमें प्यार करने वाला
छटपटा रहा होगा|
आज भी किसी रहिस के भोज में
कोई गरीब के मेमने को छीनकर
मार रहा होगा,आज भी कहीं
सपनो के खून से कोई
आँगन को लीप रहा होगा
आज भी आकाश घना हो रहा है
कहीं एक बेचारी बहन का मांस
कुत्ते चबा रहे होंगे
आज भी पडोसी द्वारा खुद की जमीन में|
तैयार किये गये अंगूर के बाग़ को
कोई तबाह कर रहा होगा
आज भी हज़ारों
नन्हें गालों पर खिलनेवाले
केसर के फूलों को कोई
हड़प रहा होगा
आज भी थोड़े मृत सपनो के लिए
किसी के सीने में चिता जल रही होगी
आज भी ख़ुशी से
उड़ रहे नन्हे कपोत को
बाण से गिराया गया होगा
आज भी अधनंगे
बूढ़े पिता को नमस्कार कर
कोई गोली चला रहा होगा
आज भी आकाश घना होने पर
मेरा मन अंधकार से भर जाताहै
क्या आज सूरज अस्त होने के बाद
फिर उदित नही होगा?

Ankhon Me Raate Hongi







बच्चों से बातें करना


बच्चों से बातें करना

वेद पुराण उपनिषद का पढ़ना.

दिल की कहना दिल की सुनना

उन्मुक्त निडर नदिया सा बहना.

दुनिया को पैरों में रखना

पैरों को सर पर रख लेना,

सर को फिर ज़मीन पर रख कर

एक कलाबाज़ी खा जाना.

गोल गोल दुनिया के चक्कर

उनसे सदा सहज ही बचकर

अपनी दुनिया अलग बसाना

बच्चों ने बचपन से जाना.

ज़रा ग़ौर से देखें हम जो

बच्चों की नन्हीं दुनिया को

सहज भाव से भरी हुई है.

प्रेम सहज है, क्रोध सहज है

जीवन का हर छन्द सहज है

प्रीत का एक धागा ऐसा है

रोते रोते वो हँस पड़ता.


बच्चों के भावों में खोजें

एक अलौकिक ज्ञान मिलेगा

कर्ता-कर्म का द्वंद्व न होगा

पल पल का विस्तार मिलेगा.

हम सब भी तो बच्चे ही थे

इसी भाव में रचे बसे थे

फिर हमको क्या हो जाता है

वो बच्चा क्यों खो जाता है.

तत्व प्रश्न जीवन का यह है

इसका उत्तर कठिन है मिलना

बच्चों से बातें करना

वेद पुराण उपनिषद का पढ़ना.

इस बार उजाला भीतर हो....



मन-द्वार सजा हो तोरण से
मन-आँगन सजे रंगोली से,
मन-मंदिर में पावन ज्योति,
इस बार उजाला भीतर हो |

अंतस के गहन अँधेरे में,
धुंधली पड़ती पगडण्डी पर,
बस एक नेह का दीप जले,
इस बार उजाला भीतर हो |

रिश्तों की उलझी परतों में,
उजली किरणों का डेरा हो,
हर मुख दमके निश्छल उजज्वल,
इस बार उजाला भीतर हो||

पिछली,बिखरी,उझरी,कडवी
बिसरे स्मृतियाँ जीवन की,
अब नए स्वरों का गूंजन हो,
इस बार उजाला भीतर हो |

जीवन यात्रा के शीर्ष शिखर
आशीष भरे जिनके आँचल,
छाया दे हर नवअंकु को,
इस बार उजाला भीतर हो |

प्रतिपल जीवन में उत्सव हो,
हर दीप तेल और बात़ी का,
स्नेह्प्गा गठबंधन हो,
इस बार उजाला भीतर हो |

साकार बने अब हर सपना
अपनेपन का आकर बड़े,
अब सब अपने ही अपने हो,
इस बार उजाला भीतर हो |