Showing posts with label बेटी की गुहार. Show all posts
Showing posts with label बेटी की गुहार. Show all posts

मुझे तो मरना ही था...


मैं यशोदा की वह बेटी
जिसे न नन्द बाबा ने बचाया न वासुदेव ने
दोनों पिता थे और दोनों ने मिलकर मारा मुझे
यह तो अच्छी बात नहीं

सोती रही यशोदा माता
उसे तो यह भी नहीं पता
उसने जना था बेटी या बेटा

बेटे की रक्षा के लिए मारी गई बेटी
बेटा जुग-जुग जिए
बेटा राज करे
कह कह कर मारी गई बेटी

कंस मामा ने तो बाद में मारा
उसके पहले हत्या की मेरी
मेरे पिता ने कंस मामा के हाथों में सोंप के
कंस मामा ने तो पत्थर पर पटका था केवल|

बेटी हूँ जानकर
गिडगिढ़ायी माँ देवकी
मरी मैं
बचा तुम्हारा बेटा
जगत की कही
मैं मरी और मरती रही तब से अब तक,
तब मरी कृषण के लिए
अब मरती हूँ किसी
मोहन,मुन्ना,दीपक के लिए
इन्हीं कुल दीपकों के लिए
बुझती रही मैं बार-बार
ताकि कुल रहे उजियार
जियें जागें गाती रही मैं
तब भी
मरती रही मैं...

क्यूंकि मैं बेटी थी तुम्हारी...
मुझे तो मरना ही था
तुम न मारते पिता तो कोई दुर्योधन मारता मुझे
सभा के बीच साडी खींच
मुझे तो मरना ही था|

रोको,रोको ये डोली मेरी...


रोको, रोको !
ये डोली मेरी
कहाँ चली ?
छूटा गाँव छूटी गली|

रोक ले बाबुल,
दौड़ के आजा,
बहरे हुए कहार,
अंधे भी हैं ये,
इन्हें न दीखें,
तेरे मेरे
आंसुओं की धार|
रोको,रोको|
ये डोली मेरी
कहाँ चली?
छूटा गाँव छूटी गली|

कपडे सिलाये
गहने गदाए,
दिए तुने
मखमल थान,
बेच के धरती ,
खोल के गैया,
बांधा तुने सब सामान,
दान दहेज
सहेज के सारा,
राह भी दी अनजान,
मील के पत्थर
कैसे बांचुं,
दिया न अक्षर-ज्ञान|
गिरी है
मुझ पर बिजली|
छूटा गाँव छूटी गली |

रोको,रोको|
ये डोली मेरी
कहाँ चली?
छूटा गाँव छूटी गली|